कोरबा// ज्वेलर्स दुकान में लूट की बड़ी वारदात : चाकू से हमला कर लुटेरे जेवरात लेकर फरार : लुटेरों के बाइक व देशी कट्टा बरामद…

200

ज्वेलर्स दुकान में लूट की बड़ी वारदात : चाकू से हमला कर लुटेरे जेवरात लेकर फरार : लुटेरों के बाइक व देशी कट्टा बरामद…

कोरबा-कटघोरा।।

जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरीकला मुख्य मार्ग पर संचालित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट को अंजाम दिया गया। इस वारदात से स्थानीय लोगों में सनसनी व्याप्त है। मौके पर टीआई एम बी पटेल सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहकर जांच पड़ताल कर रहे हैं।

घटना को लेकर जो प्रारंभिक जानकारी स्थानीय समाचार सहयोगी के माध्यम से सामने आई है, उसके मुताबिक दोपहर करीब 1:30 बजे एक प्लैटिना मोटरसाइकिल में सवार होकर तीन लोग राज ज्वैलर्स पहुंचे। यह सभी लोग दुकान के अंदर प्रवेश किये और चांदी के गहने दिखाने की बात कही। इस बीच सोना और चांदी के जेवरात इन्होंने अपने कब्जे में लिए और वहां से भागने की कोशिश की। उनकी गतिविधियां संदिग्ध जानकर दुकान में मौजूद संचालक सहित कर्मचारियों ने इन्हें पकड़ लिया लेकिन वारदातियों ने इन पर मिर्च पाउडर छिड़का और एक ने चाकू से तो दूसरे ने दांत से काटकर घायल करते हुए इनकी पकड़ ढीली की और वहां से तीनों भाग निकले। स्थानीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि घटनाक्रम को देखते हुए पड़ोसी दुकान संचालक भी वहां पहुंचा था और उसने भी लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की।


इधर, अपनी जान को आफत में देखते हुए लुटेरे हाथ में आए सोने- चांदी के कुछ आर्टिफिशियल व कुछ असली जेवरातों को लेकर पैदल ही इधर-उधर भाग निकले। मौके पर दुकान के सामने उनकी प्लैटिना बाइक और काउंटर पर देशी कट्टा बरामद हुआ है।

घटनास्थल पहुंचे स्थानीय लोगों की भीड़ यहां एकत्र है। घटना को लेकर चिंता के साथ आक्रोश लोगों में देखा जा रहा है। आरोपियों की धर पकड़ में जगह-जगह नाकाबंदी की जा रही है। बिना नंबर की बरामद लुटेरों की प्लैटिना बाइक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।