कटघोरा संभाग के 5 हजार उपभोक्ताओं की बिजली समस्या होगी दूर : नवनिर्मित 33/11 केवी उपकेंद्र कसनिया का हुआ लोकार्पण…
कोरबा-कटघोरा।।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं की सेवाओं में गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से कटघोरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिये कटघोरा संभाग के अंतर्गत नवनिर्मित 33/11 केवी उपकेंद्र कसनिया का लोकार्पण किया गया है। उपकेंद्र के लोकार्पण समारोह के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
इस नए उपकेंद्र के शुरू हो जाने से कटघोरा, कापुबहरा, मोहनपुर, अमरपुर, घूँचापुर, सुत्तरा, अछिदादर, लखनपुर, राल तथा कटघोरा के 4 वार्डों के लगभग 5000 से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को सीधा फायदा होगा। अब इन क्षेत्रों के नागरिकों को उच्च गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति, ओवरलोडिंग की समस्या से मुक्ति मिलेगी। साथ ही तकनीकी समस्याओं का निराकरण तत्काल ही किया जा सकेगा।
इसके पूर्व कटघोरा में एक ही सबस्टेशन होने से उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। 1 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित 33/11 केव्ही उपकेन्द्र की क्षमता 3.15 एमव्हीए है। मुख्य अतिथि श्री देवांगन ने इसे कटघोरा के 4 वार्ड व 8 गांव के लोगों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने उपलब्धि के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की सराहना की है। साथ ही उपस्थित आमजन को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक का लाभलेने की अपील की है। कटघोरा विधायक श्री पटेल ने सभी को सूर्यघर मुफ्त बिजली बिल योजना अपनाने की अपील की है। इस अवसर पर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक एके अम्बष्ट, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एके लखेरा, अधीक्षण अभियंता पीआर साहू, वीके तिवारी, कार्यपालन अभियंता एसके सोनी, रश्मि देवांगन, एचएस राठौर तथा विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




