डी.ए.वी. जेंजरा की वैष्णवी पांडेय ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता स्वर्ण पदक
कोरबा-कटघोरा
जेंजरा।।

डी.ए.वी. कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के तत्वावधान में तथा छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय अधिकारी श्री प्रशांत कुमार जी के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जेंजरा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैष्णवी पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए वैष्णवी पाण्डेय को अब एस.जी.एफ.आई. (SGFI) में सीधे खेलने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही डी.ए.वी. नई दिल्ली मैनेजिंग कमेटी की ओर से उन्हें ₹5001 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी l
लगभग 20,000 प्रतिभागियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट परिचय दिया। अंडर-17 बालिका वर्ग की ताइक्वांडो प्रतियोगिता के 56 से 59 किलोग्राम भार वर्ग में वैष्णवी पांडेय ने पहले राउंड में बिहार, दूसरे राउंड में हरियाणा, तीसरे राउंड में झारखंड तथा चौथे राउंड में पुनः हरियाणा की खिलाड़ी को पराजित करते हुए फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग की कराटे प्रतियोगिता में अभिषेक कुमार सिंह ने पहले राउंड में झारखंड, दूसरे में बिहार, तीसरे में हरियाणा तथा चौथे राउंड में पुनः झारखंड के खिलाड़ी को पराजित कर रजत पदक प्राप्त किया। इसी क्रम में एथलेटिक्स की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में प्रियान्शी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। तीनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. राजरेखा शुक्ला एवं समस्त शिक्षकगण ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






