Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा कोरबा// खदान के धंसने से मलबे में दबी तीन महिलाएं, एक की...

कोरबा// खदान के धंसने से मलबे में दबी तीन महिलाएं, एक की हुई मौत

101

कोरबा।

जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। छुई खदान के धंसने से तीन महिलाएं दब गईं. इनमें से एक महिला की मौत हो गई, वहीं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं. डॉयल 112 और संजीवनी एक्सप्रेस के जरिए महिलाओं को जिला अस्पताल रवाना किया गया. वहीं घटनास्थल के क्षेत्र को लेकर थाना प्रभारियों में असमंजसता की वजह से मामले में पुलिस कार्रवाई अटकी हुई है.

घटना करमंदी और बेन्दर कोना के बीच की है, जहां ग्रामीण खदान से छुई निकालने का काम कर रहे थे कि अचानक ऊपर से मिट्टी के गिरने से तीन महिलाएं दब गईं. घटना को देख खुदाई कर रहे अन्य लोग भाग निकले, वहीं गांव के युवकों ने दबी महिलाओं को किसी तरह से बाहर निकाला.

इनमें से एक महिला जुनवानी निवासी 35 वर्षीय प्रमिला बाइक कंवर नामक की मौत हो गई, वहीं गीता बाई और एक अन्य महिला घायल हो गई. मृत प्रमिला अपने पति कौशल सिंह कंवर के साथ खदान में खुदाई के लिए गई हुई थी।

घटना के बाद डॉयल 112 और संजीवनी एक्सप्रेस को सूचना दी गई, जिसकी मदद से मृत और घायल महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया.घटना स्थल के विवाद की वजह से उरगा, रामपुर और रजगामार थाना प्रभारियों में असमंजसता देखने को मिली। जब उरगा प्रभारी को फोन किया गया तो उन्होंने रामपुर थाना क्षेत्र का मामला बताया, वहीं रामपुर प्रभारी को फोन करने पर उन्होंने रजगामार थाना क्षेत्र का मामला बताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया। इस तरह से किसी थाना प्रभारी ने मामले में कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई. फिलहाल, मृतका प्रमिला की लाश बिना किसी कार्रवाई के जिला अस्पताल के मर्च्यूरी में पड़ी हुई है।