चक्रवात ‘बिपरजॉय’ कल गुजरात तट से टकराएगा….आपदा टालने के लिए द्वारकाधीश मंदिर पर 2 ध्वज लगाए

75

अहमदाबाद : अरब सागर में उठा तूफान बिपरजॉय के गुजरात से टकराने में सिर्फ एक दिन बाकी है। 15 जून की शाम तक यह कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराएगा। इस दौरान 150 किमी/घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

परंपरा के अनुसार मंदिर के शिखर 5 बार बदला जाता है। मंगलवार को एक ध्वज बदलने के बाद दूसरा ध्वज भी फहराया गया। दरअसल, दो ध्वज एक साथ फहराने के पीछे की मान्यता है कि इससे आपदा टल जाती है। द्वारका के लोग द्वारकाधीश पर बहुत विश्वास करते हैं। यहां के लोगों का मानना ​​है कि भगवान द्वारकाधीश जगतमंदिर के शिखर पर एक साथ दो ध्वजा फहराने से बड़ी से बड़ी मुसीबत भी टल जाती है।

अब मंदिर प्रशासन ने तय किया है कि 17 जून तक नया ध्वज नहीं लगाया जाएगा। मंदिर के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है। मंदिर के शिखर की ऊंचाई 150 फीट है।

वहीं, गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और ऊंची लहरों के चलते अब तक 9 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, गुजरात सरकार ने कच्छ-सौराष्ट्र में समुद्र तट से 10 किलोमीटर की सीमा में 7 जिलों से 37 हजार से ज्यादा लोगों को निकालकर शेल्टर होम में भेजा है।

मौसम विभाग के बुधवार सुबह 8:30 बजे के अपडेट के मुताबिक, तूफान 8 किमी/घंटे की रफ्तार से नॉर्थ-वेस्ट में आगे बढ़ रहा है। तूफान बुधवार सुबह द्वारका से 290 किमी और जखौ पोर्ट से 280 किमी दूर था। यह गुरुवार की शाम तक गुजरात के तट पर जखौ पोर्ट से टकराएगा।