सुसाइड : बेटे को पेट से बांधकर नहर में कूदी मां…छह दिन बाद नहर में तैरता हुआ मिला शव

28

बीकानेर : बीकानेर में छह दिन से लापता मां-बेटे की लाश नहर में मिली है। सोमवार सुबह दोनों की लाश को पानी से निकाला गया। इस दौरान मां ने बेटे को चुन्नी के साथ पेट पर बांध रखा था। संभवता मां ने बेटे को पेट पर बांधकर ही नहर में छलांग लगा दी। इससे दोनों की मौत हो गई। दोनों का शव SDRF के जवानों ने बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। अब सवाल खड़ा हो गया है कि ऐसा क्या हुआ कि मां ने खुद के साथ बेटे को भी दर्दनाक मौत दे दी।

छत्तरगढ़ थानाधिकारी जयकुमार भादू ने बताया- पिछले दिनों अनीता (30) अपने डेढ़ साल के बेटे साहिल के साथ छतरगढ़ के पांच जीएम राणेर से रवाना हुई थी। उसे रावला के बारह केएनडी अपने ससुराल पहुंचना था। शाम तक नहीं पहुंची। ससुराल व पीहरवालों ने ढूंढना शुरू किया। इस दौरान उसका मोबाइल और बैग इंदिरा गांधी नहर के पास मिला। पुलिस और एसडीआरएफ के जवान तब से नहर में तलाश कर रहे थे। छलांग लगाने के कारण मां-बेटे दोनों काफी नीचे चले गए। जो नीचे ही फंस गए। मौत होने पर दोनों तैरते हुए काफी दूर निकल गए। छह दिन बाद उनका शव फूल गया। जो ऊपर आ गया। नहर में तैरता हुआ शव देखकर पुलिस को फोन किया। यहां एसडीआरएफ के जवान पहले से तैनात थे, जिन्होंने दोनों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

अनीता ने अपने बेटे को चुन्नी से बांध लिया था। इसके बाद ही नहर में छलांग लगाई। मौत के बाद भी बेटा मां से अलग नहीं हुआ। आमतौर पर पानी में कपड़ा गल जाता है, फट जाता है, लेकिन अनीता ने गांठ इतनी मजबूत लगाई थी कि छह दिन बाद भी दोनों एक-दूसरे से बंधे रहे। दोनों को इसी स्थिति में छत्तरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया है।

सोनू के देवर सोहनलाल ने बताया- पीहर से रवाना होते वक्त अनीता ने अपने पति को बताया कि वो जा रही है। लेने आ जाना। बाद में फोन किया कि मैं वापस नहीं आऊंगी। अपने बेटे को ले जाना। इस पर पति सोनू ने अपने साले को फोन किया। नौ बजे तक रावला में उसे ढूंढा नहीं मिलने पर लोकेशन के आधार पर वो नहर के पास पहुंचे, जहां मोबाइल व बैग मिल गया। दोनों की तीन साल पहले शादी हुई थी। परिवार खेती का काम करता है।

अनीता ने नहर में कूदने से पहले अपना मोबाइल भी फॉर्मेट कर दिया। ऐसे में उसके मोबाइल से कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। अब पुलिस के पास ढूंढने के लिए सिर्फ कॉल डिटेल का सहारा रह गया है।

छत्तरगढ़ थानाधिकारी जयकुमार भादू ने बताया कि अनीता और उसके बेटे का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जा रहा है। फिलहाल ससुराल व पीहर पक्ष की ओर से कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है ऐसे मर्ग के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अनीता ने सुसाइड का ऐसा कदम क्यों उठाया है? इसकी छानबीन हो रही है। ये घर में चल रहे तनाव के कारण हुआ या फिर कोई कारण है। इस बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। पीहर व ससुराल के सदस्यों से इस बारे में पुलिस पूछताछ कर सकती है।