Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ बड़ा हादसा : खदान में कार गिरने से एक ही परिवार के...

बड़ा हादसा : खदान में कार गिरने से एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

93

बिलाईगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बड़ा हादसा हो गया। टीमरलगा गांव के पास पानी से भरे खदान में कार गिरने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 15 साल की लड़की तैरकर बाहर निकल गई। उसके मुताबिक गाड़ी में 5 लोग सवार थे। पुलिस ने चारों के शव बरामद कर ली है।

हादसे में अकेली बची लड़की को मामूली चोट आई है। उसके मुताबिक कार से परिवार के 5 लोग ओडिशा से वापस टीमरलगा गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते पर पत्थर खदान में कार जा गिरी। इस घटना में लड़की तैरकर बाहर निकल आई। फिर राहगीरों की मदद से इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने पहले तो सरपंच के पिता का शव बरामद किया। फिर गोताखोरों की मदद से 3 और लोगों की लाश निकाल ली गई। टीमरलगा के सरपंच महेंद्र पटेल अपने माता-पिता, पत्नी और 15 वर्षीय बेटी के साथ ओडिशा से लौट रहे थे। तभी ये हादसा हो गया।

गांव वालों के मुताबिक ये हादसा नहीं आत्महत्या है। लोगों ने बातचीत में बताया कि परिवार कर्ज में डुूबा था। इसलिए ये खौफनाक कदम उठाया गया है। हालांकि पुलिस ये बात नहीं मान रही है। जांच के बाद ही असल वजहों का खुलासा होने की बात कह रही है।