कोरबा// बुधवारी मुख्य मार्ग के पास एक बड़ा हादसा टला…….महिला का पैर जाली में फंसा देख,लोगो की भीड़ जमा हुई….पढ़े पूरी खबर

73

ग्रिल काटकर निकाला गया पैर।

कोरबा// कोरबा शहर में बुधवारी मुख्य मार्ग पर मौजूद राम-जानकी मंदिर के पास एक महिला का पैर मंदिर में प्रवेश करने वाली जाली में फंस गया। सोमवार देर शाम महिला मंदिर के बगल में लगे स्वेटर की दुकान में खरीदारी करने के लिए आई थी। मवेशी को देख वो मंदिर की तरफ से जाने लगी, इसी दौरान उसका पैर जाली में फंस गया। मंदिर की जाली में पैर फंसा हुआ देख आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए। महिला ने बहुत कोशिश की, लेकिन उसका पैर जाली से नहीं निकल पाया। इसके बाद मोबाइल पर उसने अपने पति को घटना की सूचना दी। पति ने रेस्क्यू टीम के सदस्य योगेश कुमार साहू को कॉल किया। इसके बाद योगेश साहू ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर से ग्रिल को काटा। तब जाकर महिला का पैर उसमें से निकला। दोनों पति-पत्नी इसके बाद तुरंत मौके से रवाना हो गए।

महिला की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने महिला को पहली बार दुकान में देखा था। उन्होंने महिला से उसका नाम और पता पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात का कोई जवाब नहीं दिया। पति से भी पूछने पर उसने अपना नाम और पता नहीं बताया। महिला और उसके पति ने लोगों से वीडियो नहीं बनाने को भी कहा।हालांकि लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। आसपास के लोगों ने काफी सहयोग किया। लेकिन महिला का पैर निकलते ही वो तुरंत अपने पति के साथ वहां से चली गई। इधर लोगों ने किसी के साथ कोई बड़ी दुर्घटना टल जाने से राहत की सांस ली।

अक्सर असावधानी या दुर्घटनावश जाली, ग्रिल या लिफ्ट में पैर फंसने के मामले सामने आते रहते हैं। अभी 12 दिन पहले राजधानी रायपुर में लिफ्ट में पैर फंसने से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। बुरी तरह से लिफ्ट में फंसे युवक को बचने तक का मौका नहीं मिला था। घटना शहर के थोक मार्केट डूमरतराई में हुई थी। 10 नवंबर को भनपुरी निवासी प्रकाश यादव नाम का युवक थोक मंडी में आया था। वो यहां माल एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर पर पहुंचाने वाली लोहे की खुली लिफ्ट में फंस गया था। प्रकाश का पैर उस वक्त लिफ्ट की खाली जगह पर चला गया था, जब लिफ्ट नीचे की तरफ जा रही थी। लिफ्ट में फंसने की वजह से उसका प्रेशर प्रकाश के शरीर पर पड़ा और वो खींचता चला गया था। लिफ्ट के साथ ही युवक भी नीचे चला गया। उसके दोनों पैर फंस गए थे। वो निकलने का प्रयास करता रहा, मगर उसका सिर फर्श से टकरा गया था। उसके शरीर में मल्टीपल फ्रैक्चर भी हो गए थे और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया था।