Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोंडागांव : राज्योत्सव में उड़ान उत्पादों के प्रति लोगों में दिखा उत्साह

कोंडागांव : राज्योत्सव में उड़ान उत्पादों के प्रति लोगों में दिखा उत्साह

54

कोण्डागांव, 09 नवम्बर 2022 : रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउण्ड में राज्य के 22वें स्थापना वर्ष पर 01 नवम्बर से 06 नवम्बर तक आयोजित राज्योत्सव में उड़ान महिला कृषक प्रोड्यूसर कम्पनी द्वारा उत्पादित उत्पादों के प्रति लोगों में खासा उत्साह दिखा। उड़ान के स्टॉल में आकर लोगों ने उड़ान द्वारा उत्पादित तिखूर शेक, कोल्डप्रेस नारियल तेल, तिखूर प्रीमिक्स, आचारों के प्रति खासा उत्साह दिखाते हुए जमकर इन उत्पादों की खरीदी की। कई लोगों द्वारा इसकी तारीफ करते हुए बार-बार इन उत्पादों को खरीदा गया।

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अवनीश कुमार शरण द्वारा स्टॉल का निरीक्षण करते हुए यहां से उत्पादित स्थानीय उत्पादों को देखकर इनकी तारीफ की तथा इसका और अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये। राज्योत्सव में कोण्डागांव के अचारों के स्वाद ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।

राज्योत्सव में उड़ान की ओर से वाईपी महेश्वर राठौर, बीओडी सदस्य कुमारी पटेल एवं हेमन्ती नाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी के माध्यम से 63286 रूपयों के उड़ान उत्पादों का विक्रय राज्योत्सव में किया गया।

वहीं फरसगांव विकासखण्ड के बोरगांव के आदिवासी आभूषण निर्माता शिल्प कलाकार हसलाल नेताम द्वारा जनजातिय आभूषणों की प्रदर्शनी एवं कोण्डागांव के शिल्पकार विनोद विश्वकर्मा द्वारा रॉट आयरन शिल्प की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें लोगों का उत्साह देखते ही बनता था।