Thursday, October 8, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा कोरबा : झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन के बाद युवक की मौत, परिजनों...

कोरबा : झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन के बाद युवक की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

9

कोरबा : जिले के बेंदलकोना गांव में बाइक से गिरने के बाद मामूली चोट का इलाज कराने गए 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने तरदा निवासी मुरली मनोहर उर्फ महाराज पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि युवक को इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

गांधी व शास्त्री जयंती पर डी.ए.वी. जेंजरा में उत्साह का संचार: ‘रन फॉर डी.ए.वी.’ में युवराज प्रथम, आदित्य द्वितीय; नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता से दिया सामाजिक संदेश

जानकारी के मुताबिक, बेंदलकोना निवासी हर प्रसाद सोनवानी रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। करीब 28 अगस्त को बाइक से जाते समय सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से वह अनियंत्रित होकर गिर गया था। हादसे में उसके घुटने में मामूली चोट आई थी।

चोट का इलाज कराने के लिए हर प्रसाद थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम तरदा निवासी मुरली मनोहर उर्फ महाराज के पास पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि मुरली मनोहर किराए के मकान में क्लीनिक चलाकर लोगों का इलाज करता था। इलाज के दौरान उसने हर प्रसाद की बाईं कमर में इंजेक्शन लगाया।

परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन लगने के करीब दो दिन बाद हर प्रसाद को उसी जगह तेज दर्द और सूजन होने लगी। इंजेक्शन वाली जगह पर नीले रंग का निशान भी पड़ गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे 2 सितंबर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा लेकर पहुंचे। इसके बाद उसे टीपी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

हालत गंभीर होने पर परिजन 9 सितंबर को हर प्रसाद को रायपुर एम्स लेकर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि वहां बेड उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उसे भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद वे उसे मेकाहारा अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां भी उपचार नहीं मिल सका। इसके बाद परिजन उसे वापस कोरबा ले आए और 22 सितंबर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोबारा भर्ती कराया।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान 5 अक्टूबर को हर प्रसाद की मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई जागेश्वर प्रसाद सोनवानी ने आरोप लगाया कि बाइक से गिरने के बाद हर प्रसाद को केवल मामूली चोट लगी थी, लेकिन इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और कथित क्लीनिक को बंद कराने की मांग की है।

शोक: मालती किन्नर का निधन…शोक की लहर

पुलिस ने शुरू की जांच

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम किया गया है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मुरली मनोहर उर्फ महाराज घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और उसका मोबाइल भी बंद है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।