Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा कोरबा समेत 6 जिलों में अगले 24 घंटे में हो सकती है...

कोरबा समेत 6 जिलों में अगले 24 घंटे में हो सकती है भारी बारिश : प्रदेश में अब तक 801.02 मिमी वर्षा….

237

छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़- चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर और कोरबा जिले के एक दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में ही हल्की से मध्यम और एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

प्रदेश में बारिश की गतिविधियां रुकने से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा बढ़ गया है। 1 जून से 13 अगस्त तक 801.02 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो औसत से 9 मिलीमीटर अधिक है। आठ जिले ऐसे हैं जहां औसत से अधिक बारिश हुई है। वहीं चार जिलों में औसत से कम बारिश और बाकी जिलों में सामान्य वर्षा हुई है।

सिस्टम पड़ा कमजोर

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी और पश्चिमी भारत से बंगाल की खाड़ी तक कुछ सिस्टम बने हुए हैं। इसके असर से आज प्रदेश में नमी रहने के कारण कई स्थानों पर हल्की बारिश होने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में सुबह से हल्के बादल छाए हैं।

सामान्य से अधिक रहा तापमान

कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण रायपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। रायपुर में दिन का पारा आज 34 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मंगलवार को दोपहर का तापमान 35 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा है।

बस्तर संभाग में जगदलपुर सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 32.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो औसत से 4.1 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म राजनांदगांव रहा। यहां तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अंबिकापुर, पेंड्रारोड, दुर्ग में दिन का तापमान 32 डिग्री और उसके आसपास रहा जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है।