कोरबा।

कोरबा जिले में एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ बांगो के डुबान क्षेत्र की तरफ मछली खरीदने जा रहे थे। इस दौरान उनके डोंगी में पानी भर गया। बचने के लिए युवक ने अपने दोस्त के साथ पानी में छलांग लगा दी। जींस और फूल शर्ट में होने के कारण युवक तैर नहीं पाया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मामला बालको थाना क्षेत्र का है। कटघोरा थानांतर्गत ग्राम सलिहाभांटा धनरास में कृपाल राम चौहान (32 साल) की दोस्ती दर्री थाना क्षेत्र के पुरेना खार में रहने वाले देवचरण शिकारी से थी। कृपाल ने डॉगाघाट के ग्रामीणों से मछली और झिंगा खरीदने की योजना बनाई थी, जिसकी जानकारी उसने अपने दोस्त देवचरण को दी।
घटना बांगो के डुबान इलाके डोंगाघाट की है। कृपाल राम गांडा अपने दोस्त के साथ नाव में मछली लेकर हसदेव नदी पार कर रहा था। इस दौरान बीच में आंधी-तूफान की वजह से नाव पलट गई।
इस पर उसके दोस्त ने करीबन आधे घंटे तक उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कृपाल राम तैर नहीं पाया और उसकी नदी में डुबने से मौत हो गई। दूसरे युवक ने नदी से बाहर निकलने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बालको पुलिस मामले की जांच कर रही है।




