बेमेतरा : पीएम-आशा योजना अंतर्गत अरहर, उड़द एवं मूंग फसल के किसानों का पंजीयन प्रारंभ

69

बेमेतरा 19 सितम्बर 2022 : खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में जिले में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान योजना (पीएम-आशा योजना) के तहत अरहर, उड़द एवं मूंग फसलों की बुवाई करने वाले कृषकों का पंजीयन प्रारंभ हो गया है।

इन फसलों की बुवाई करने वाले कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से सेवा सहकारी समितियो में आवेदन पत्र के साथ ऋण पुस्तिका के साथ बी-1, पी-2, आधारकार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा कर kisan.cg.nic.in पोर्टल पर पंजीयन करवा सकते है। पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2022 तक निर्धारित की गई है।

इस योजना अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में पंजीकृत कृषकों की अरहर, उड़द एवं मूंग फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) द्वारा उपार्जन किया जावेगा। इस योजना अंतर्गत शासन द्वारा अरहर एवं उड़द फसल हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 6600 रूपये प्रति क्विंटल एवं मूंग फसल हेतु 7755 रूपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

जिले में इन फसलों के उपार्जन हेतु शासन द्वारा थानखम्हरिया में उपार्जन केन्द्र चिन्हांकित किये गये है। उड़द एवं मूंग का उपार्जन 17 अक्टूबर 2022 से 16 दिसम्बर 2022 तक एवं अरहर का उपार्जन 13 मार्च 2023 से 12 मई 2023 तक की अवधि में किया जावेगा।