नहर में नहीं मिला युवक…आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम…नहर में गिरकर लापता हो गया था युवक…
कोरबा।
कुसमुंडा के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरमपुर में बीते सोमवार की दोपहर 23 वर्षीय अभय धनवार नामक युवक उफनते नहर में जा गिरा। पुलिस द्वारा गोताखोरों की मदद से उसकी पातासाजी की जा रही थी। इधर दो दिन बाद भी उसका कुछ सुराग नहीं मिला, जिससे आक्रोशित परिजनों ने कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस द्वारा समझाइश देने का प्रयास किया जाता रहा। चक्काजाम की वजह से बरमपुर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। नहर में गिरकर लापता हुए युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन इसमें गोताखोरों को सफलता नहीं मिली है। 48 घंटे बाद भी लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से आक्रोशित परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग है कि लापता हुए अभय की तत्काल खोजबीन की जाए।




