लोकप्रिय व तेजतर्रार शहर के नए कोतवाल डीएन तिवारी : अवैध कारोबार ,यातायात का दबाव व नशा से बढ़ता अपराध का ग्राफ होगा मुख्य चुनौती :

86

लोकप्रिय व तेजतर्रार शहर के नए कोतवाल डीएन तिवारी : अवैध कारोबार ,यातायात का दबाव व नशा से बढ़ता अपराध का ग्राफ होगा मुख्य चुनौती : 

 

कोरबा।।

कटघोरा थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग के लिए पहचान बन चुके और लोगों के बीच लोकप्रिय व तेजतर्रार निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी का कोतवाली के नए प्रभारी के रूप में तबादला हुआ है।

शहर के नए कोतवाल डीएन तिवारी होंगे और उनसे कोतवाली क्षेत्र की जनता को काफी अपेक्षाएं और उम्मीदें हैं। खासकर बढ़ता अवैध नशा का कारोबार और बढ़ती नशेड़ियों की संख्या और इनके आतंक से काफी हद तक निजात दिलाना उनके लिए चुनौती भरा कार्य साबित होगा।

शहर के प्रवेश द्वार इमलीडुग्गु से लेकर शहर के भीतर और आंतरिक इलाकों में अवैध नशा के रूप में शराब और गांजा का फलता-फूलता कारोबार नशेड़ियों की संख्या को बढ़ा रहा है। गांजा का नशा लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है, खासकर युवा वर्ग इसकी चपेट में है। छोटे-छोटे बच्चों में सूंघने वाले नशा बोनफिक्स, वेमीकोल, सुलेशन का लिक्विड का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है। वह इसे कपड़े में डालकर या शीशी-छोटे बोतल में भरकर सूंघते हुए नजर आ जाते हैं। 6-7 साल से लेकर किशोर उम्र के बच्चे इसके प्रभाव में हैं।

नशा के आगोश में रहते हुए किसी के साथ भी मारपीट कर देना, चाकूबाजी करना, हत्या कर देना, चोरी,झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। सीतामढ़ी और मोतीसागर पारा नशा का हॉटस्पॉट क्षेत्र बन रहा है तो पुरानी बस्ती,राताखार,नहर पार,स्टेशन रोड के कुछ इलाके भी नशेड़ियों के लिए नई पहचान स्थापित कर रहे हैं। कुछ स्लम इलाके भी नशेड़ियों की,अवैध नशा विक्रेताओं की पनाहगार बने हुए हैं। अवैध नशा के इन अड्डों को तलाश कर अवैध नशा के कारोबारियों के विरुद्ध इण्ड-टू-इण्ड कार्रवाई करना नि:संदेह नए कोतवाल के लिए बेहद चुनौती भरा कार्य होगा। लोगों की उनसे काफी अपेक्षाएं हैं कि वह इसमें सफल भी होंगे और आम जनता को राहत भी मिलेगी।

इसके अलावा अवैध कबाड़ कारोबार के कारण बढ़ते चोरी के मामले, अवैध कबाड़ियों पर नकेल कसना, शहर की बेपटरी होती यातायात व्यवस्था और मुख्य क्षेत्र, मुख्य सड़कों के मोड़ पर व्याप्त अतिक्रमण के कारण सुगम आवागमन में बाधा को दूर करना, मुख्य सड़क पर खासकर सरकारी शराब दुकान के कारण बिगड़ते हालात और उत्पन्न होती यातायात की समस्या का समाधान, देर रात तक लोगों की अड्डेबाजी जैसे मामलों में भी एक नई सख्ती और अच्छी व्यवस्था को लेकर नए कोतवाल से अमनपसंद लोगों की बड़ी अपेक्षाएं हैं।