Monday, October 26, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा छत्तीसगढ़ में बिजली का नया दौर : जून से प्रीपेड मीटर सिस्टम...

छत्तीसगढ़ में बिजली का नया दौर : जून से प्रीपेड मीटर सिस्टम लागू : ₹ रिचार्ज खत्म तो बिजली गायब…!

351

छत्तीसगढ़ में बिजली का नया दौर : जून से प्रीपेड मीटर सिस्टम लागू : ₹ रिचार्ज खत्म तो बिजली गायब…!

रिचार्ज खत्म होते ही बिजली कट जाएगी, लेकिन उससे पहले फोन पर अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा।

रायपुर।।

छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक नई व्यवस्था शुरू होने वाली है, जो मोबाइल रिचार्ज की तरह काम करेगी। जून 2025 से राज्य में प्रीपेड स्मार्ट मीटर सिस्टम लागू हो रहा है। इसके तहत बिजली इस्तेमाल करने के लिए पहले रिचार्ज करना होगा और अगर बैलेंस खत्म हुआ तो बिजली आपूर्ति अपने आप बंद हो जाएगी। अभी तक प्रदेश के 11 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं और साल के अंत तक सभी घरों में यह सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है।

बता दें कि केंद्र सरकार की रिवेम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत यह कदम उठाया जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगाने में छत्तीसगढ़ देशभर में तीसरे स्थान पर आ गया है। खास बात यह है कि कृषि उपभोक्ताओं को छोड़कर सभी घरों में यह नई व्यवस्था लागू होगी।

स्मार्ट मीटर की खासियतें-

ऑटोमैटिक निगरानी- अब बिजली की रीडिंग के लिए कर्मचारियों के घर आने की जरूरत नहीं। स्टेशन से ही खपत पर नजर रखी जाएगी।

अलर्ट सिस्टम- रिचार्ज खत्म होने से पहले उपभोक्ताओं को मैसेज के जरिए सूचना मिलेगी, ताकि वे समय पर बैलेंस बढ़ा सकें।

कृषि को छूट- यह सुविधा सिर्फ गैर-कृषि उपभोक्ताओं के लिए होगी।

कहां लगे सबसे ज्यादा मीटर?

स्मार्ट मीटर लगाने में रायपुर टॉप पर है, जहां 2 लाख 59 हजार मीटर लग चुके हैं। बिलासपुर में 1 लाख 9 हजार, धमतरी में 98 हजार, बलौदाबाजार में 78 हजार, महासमुंद में 82 हजार, राजनांदगांव में 67 हजार, जांजगीर-चांपा में 29 हजार और कोरबा में 42 हजार मीटर लगाए जा चुके हैं। कुल मिलाकर 11 लाख प्रीपेड मीटर अब तक सक्रिय हो चुके हैं।

रिचार्ज खत्म, बिजली बंद-

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार, राज्य में कुल 59 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से 5 लाख 50 हजार कृषि कनेक्शन हैं। कृषि उपभोक्ताओं को इस योजना से बाहर रखा गया है। बाकी उपभोक्ताओं को पहले से रिचार्ज करना होगा। रिचार्ज खत्म होते ही बिजली कट जाएगी, लेकिन उससे पहले फोन पर अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा।