Wednesday, September 9, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा कोरबा//SECL को लंबित प्रकरणों में तेजी लाने निर्देश,कोयला चोरी पर कही यह...

कोरबा//SECL को लंबित प्रकरणों में तेजी लाने निर्देश,कोयला चोरी पर कही यह बात….

101

कलेक्टर संजीव झा ने शुक्रवार को एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारियों की बैठक लेकर भूविस्थापितों को नौकरी देने के लिए बचे हुए प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों को तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसईसीएल क्षेत्र कोरबा, दीपका, कुसमुण्डा एवं गेवरा के महाप्रबंधकों से अभी तक संस्थान द्वारा भू-विस्थापितों को दिए गए नौकरी और मुआवजा वितरण की जानकारी ली। नौकरी देने के लिए बचे हुए लंबित प्रकरणों में तेजी से कार्यवाही करते हुए भू-विस्थापितों के रोजगार की समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैठक में एसईसीएल द्वारा भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण के लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली। साथ ही तकनीकी समस्याओं और विभागीय समन्वय के कारण रुके हुए प्रकरणों को विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके निराकरण के भी निर्देश दिए।

कोयला चोरी रोकने पुख्ता इंतजाम करे प्रबंधन

बैठक में कलेक्टर ने एसईसीएल के खदानों में कोयला चोरी रोकने के लिए किए गये सुरक्षा इंतजामों की भी जानकारी ली। उन्होंने कोयला चोरी रोकने सभी खुले जगहों को बंद करके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ऐसे जगहों पर सीआईएसएफ और त्रिपुरा राईफल्स के अधिक संख्या में जवानों की ड्यूटी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर विजेन्द्र सिंह पाटले, डीएफओ कटघोरा श्रीमती प्रेमलता यादव, एसडीएम कटघोरा कौशल प्रसाद तेंदुलकर, एसडीएम कोरबा श्रीमती सीमा पात्रे सहित एसईसीएल कोरबा, कुसमुण्डा, गेवरा एवं दीपका क्षेत्र के अधिकारीगण मौजूद रहे।
 6 माह में 65 विस्थापितों को नौकरी
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर संजीव झा की विशेष पहल के फलस्वरूप पिछले 05 माह में 65 भू-विस्थापितों को एसईसीएल द्वारा नौकरी दिया गया है। कलेक्टर भू-विस्थापितों के मुआवजा और नौकरी से संबंधित लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार एसईसीएल के अधिकारियों को निर्देशित कर रहे हैं।