Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा कोरबा// दामाद अमित उर्फ (किडनी) की हत्या: दोषी सास को उम्रकैद, नाबालिग...

कोरबा// दामाद अमित उर्फ (किडनी) की हत्या: दोषी सास को उम्रकैद, नाबालिग साली बरी;

113

कोरबा।

कोरबा जिले में आदतन बदमाश अमित सोनी उर्फ किडनी के हत्या करने वाली सास को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। वहीं नाबालिग साली को सबूतों के अभाव में बाइज्जत बरी कर दिया गया है। बेटी से अलगाव के बावजूद दामाद अमित सोनी आए दिन ससुराल में आकर हंगामा करता रहता था, जिससे घरवाले परेशान थे। इसी से तंग आकर सास कुंती ने उसकी हत्या कर घर के बाहर फेंक दिया था। घटना रामपुर चौकी क्षेत्र की थी। पुलिस ने घटना में मामला दर्ज कर आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया था। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। उसका मुकदमा कोर्ट में चल रहा था। अब अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी ज्योति अग्रवाल ने आरोपी सास को दोषी करार देते हुए उसे उम्रकैद की सजा सुनाई है। जानकारी के मुताबिक, अटल आवास खरमोरा में 17 दिसंबर 2021 में हत्या की गई थी। 26 वर्षीय अमित सोनी उर्फ किडनी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या की गई थी।

अमित की लाश उसके ही ससुराल के बाहर पड़ी मिली थी। सूचना पर रामपुर चौकी पुलिस ने सास कुंती सोनी और और छोटी साली को गिरफ्तार किया था। अमित सोनी ने कुंती की बड़ी बेटी अनीता से लव मैरिज की थी। इसके बाद दोनों खरमोरा अटल आवास में ससुराल के पास ही रहते थे। अमित आदतन बदमाश था और आए दिन मारपीट, चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहता था।

कई बार अमित आपराधिक मामलों में पुलिस के हत्थे चढ़ चुका था। उसकी पत्नी अनीता उसकी हरकतों से परेशान थी और कुछ साल साथ रहने के बाद वो किसी और के साथ चली गई थी। जिसके बाद वो ससुराल के सामने रोज जाकर आतंक मचाता था। उसकी सास और साली के साथ गालीगलौज करता था जिससे तंग आकर उसकी सास ने उसकी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने साली को भी आरोपी बनाया था, लेकिन कोर्ट में उस पर आरोप सिद्ध नहीं हो सका, लिहाजा उसे बाइज्जत बरी कर दिया गया है। इस मामले में अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी ज्योति अग्रवाल के न्यायालय में फैसला सुनाया गया।