Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा कोरबा// दहेज की प्रताड़ना और पति के अवैध संबंध से तंग आकर...

कोरबा// दहेज की प्रताड़ना और पति के अवैध संबंध से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या…

313

दहेज की प्रताड़ना और पति के अवैध संबंध से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या…



कोरबा।।

जिले के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत मानस नगर बस्ती में 21 सितंबर को एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में गुरुवार को मृतका के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और दामाद के अवैध संबंधों के चलते आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

मृतका यामिनी विश्वकर्मा (25 वर्ष) जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा अमोरा गांव की निवासी थी। उसकी शादी 17 मई 2023 को मानस नगर निवासी अनिल विश्वकर्मा से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ महीने सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे हालात बिगड़ने लगे।

परिजनों के अनुसार, यामिनी के ससुराल वाले लगातार दहेज में 2 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मृतका की मां श्वेता विश्वकर्मा ने बताया कि तीज के मौके पर जब बेटी मायके आई थी, तब उसने बताया था कि ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं और उसका पति किसी अन्य शादीशुदा महिला के साथ संबंध में है।

मां ने बताया कि बेटी ने विरोध किया तो पति उससे मारपीट करने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर यामिनी ने 21 सितंबर को फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

परिजनों ने एसपी से मांग की है कि ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच का आश्वासन दिया है।