सुपौल//सुपौल में 35 साल की एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी थी। पति को दो साल से दोनों के मिलने-जुलने के बारे में पता था। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी होता था।
महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की हत्या के लिए 1 लाख रुपए की सुपारी दी थी। 38 हजार रुपए एडवांस में दे दिए थे। 19 फरवरी की रात हत्यारों ने अपना काम भी कर दिया, लेकिन महिला अपने जुर्म को छिपा नहीं सकी। पुलिस ने 48 घंटे के अंदर ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मृतक अजय की पत्नी रीना देवी, उसका प्रेमी और रेकी करने वाला सुमित कुमार सिंह शामिल है। 19 फरवरी को किराना दुकानदार अजय कुमार विश्वास (38 वर्ष) की हत्या सीने में गोली मारकर की गई थी। हत्या का आरोप अजय की पत्नी और उसके प्रेमी पर लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ ही रेकी कर अजय की हत्या करवाने वाले शख्स को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सुपारी किलर पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह पत्नी का नाजायज संबंध था। पति द्वारा प्रेमी से मिलने से पत्नी को रोका जाता था और यही बात आरोपी महिला को चुभती थी
सुपौल एसपी डी अमरकेश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मृतक अजय की पत्नी रीना देवी (35 वर्ष) उसका प्रेमी विनोद पासवान (29 वर्ष) और रेकी करने वाला सुमित कुमार सिंह शामिल है। अजय और रीना की 2008 में शादी हुई थी। उनके 14 वर्ष और 13 साल के दो बच्चे भी है।
रीना ने प्रेमी के संग मिल पति की हत्या के लिए 1 लाख रुपए में सुपारी किलर को सेट किया। एडवांस में 38 हजार रुपए भी दिए गए थे। एसपी ने बताया कि दो शूटर शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी। प्रेमी ने बताई हत्या की वजह एसपी ने बताया कि अजय की हत्या सीने में गोली मारकर की गई थी। इसके बाद अजय की पत्नी ने रोने का ड्रामा किया। पर मृतक की बड़ी बहन रेणू देवी ने फर्द बयान पर सुपौल सदर थाने में मामला दर्ज करवाया था।
इसमें अजय की पत्नी और उसके प्रेमी को आरोपी बनाया गया था। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि विनोद कुमार पासवान और अजय के बीच बीते साल छठ के करीब झगड़ा हुआ था। तब विनोद ने अजय को हत्या की धमकी दी थी। पुलिस ने जब विनोद कुमार पासवान को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद रीना देवी को भी हिरासत में ले लिया गया। विनोद ने पुलिस को बताया कि करीब 7 वर्षों से रीना देवी से उसकी बातचीत होती है। इससे उसका रीना देवी से नजदीकी संबंध बन गया था। इस वजह से अजय कुमार विश्वास से कई बार झगड़ा भी हो गया। उसके घर आना-जाना भी बंद हो गया था। एसपी ने बताया कि इस मामले में दो शूटर शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी।
रीना देवी नगर परिषद में आजीविका समूह में काम करती थी। इसी सिलसिले में बाहर आती-जाती थी। इस दौरान रीना देवी और विनोद कुमार पासवान मिलते-जुलते थे। जबकि अजय अपनी पत्नी के चाल-चलन को लेकर उसे घर से बाहर नहीं निकलने का दबाब देता था। इस बात पर दंपती में अक्सर झगड़ा होता था। इसके बाद ही रीना देवी और विनोद ने अजय को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की।