Wednesday, September 9, 2026
Home छत्तीसगढ़ अधूरे अंडरब्रिज में आवागमन खतरनाक

अधूरे अंडरब्रिज में आवागमन खतरनाक

77
  • कार्य पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण : वोरा

दुर्ग।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने बुधवार को रेलवे और पीडब्लूडी (ब्रिज) अधिकारियों के साथ दुर्ग शहर में निर्माणाधीन रायपुर नाका अंडर ब्रिज और धमधानाका अंडरब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दोनों अंडरब्रिजों को वर्तमान में आवागमन के लिए खोलना उचित नहीं है। नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से यहां आवागमन करना खतरनाक साबित हो सकता है। दोनों ब्रिज में निर्माण कार्य जारी है। आवागमन चालू होने पर काम करने वाले स्टाॅफ के साथ ही नागरिकों के साथ भी दुर्घटना घट सकती है।
निरीक्षण के दौरान वोरा ने रेलवे और पीडब्लूडी (ब्रिज) अधिकारियाें से चर्चा की। अधिकारियाें ने बताया कि अभी कम से कम 15 दिनों तक कार्य जारी रहेगा। रायपुर नाका अंडरब्रिज में पेंटिंग का काम हो रहा है। यहां पानी भरने से बचाने के लिए पंप लगाने का काम भी नहीं हुआ है। इसके अलावा अन्य कई कार्य बाकी हैं। वोरा ने कहा कि जब तक सभी कार्य पूरे नहीं होते, अंडरब्रिज को ट्रायल के लिए भी नहीं खोला जाएगा। सभी कार्य पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों अंडरब्रिज का लोकार्पण कराया जाएगा। वोरा ने अधिकारियों के साथ धमधा नाका अंडरब्रिज का निरीक्षण भी किया।
वोरा ने रेलवे और ब्रिज विभाग के अधिकारियाें से सभी पेंडिंग कार्यों को शीघ्र पूरा करने कहा है, ताकि जल्द से जल्द यहां से आवागमन शुरू किया जा सके। वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश के नेतृत्व में दुर्ग का चौमुखी विकास हो रहा है। दोनों अंडरब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण होने से पटरीपार की एक लाख की आबादी के साथ ही समस्त शहरवासियों को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। पार्षद अरुण सिंह ने कहा कि रायपुर नाका अंडरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लिहाजा इसे 15 सितंबर से आवाजाही के लिए चालू किया जाएगा। इधर एमआईसी मेंबर जयश्री जोशी और एल्डरमेन राजेश शर्मा ने कहा कि जब निर्माण कार्य ही पूरा नहीं हुआ है तो इसे कैसे चालू किया जा सकता है। आधे-अधूरे अंडरब्रिज में आवागमन शुरू करने से हादसे हो सकते हैं। वोरा ने करीब एक घंटे तक अंडरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एमआईसी मेंबर जयश्री जोशी, एल्डरमेन राजेश शर्मा, अजय जैन, जुगमत बारीक, रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर के नायक, पी़डब्लूडी के एसडीओ ए हरियाले, सबइंजीनियर देशमुख सहित स्थानीय नागरिक मौजूद थे।