Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ जमीन विवाद में भतीजे की गला दबाकर हत्या: पहले लकड़ी के टुकड़े...

जमीन विवाद में भतीजे की गला दबाकर हत्या: पहले लकड़ी के टुकड़े से किया वार, युवक बेहोश हुआ, तो रस्सी से गला घोंट डाला…

100

रायगढ़// रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द चौकी अंतर्गत सुगापारा में हुई युवक की हत्या के मामले में आरोपी चाचा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 22 जनवरी को गांव के समारू मांझी (55 साल) ने जमीन बंटवारे के विवाद में अपने भतीजे सबल साय मांझी (35 साल) की हत्या कर दी थी। बुधवार 25 जनवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपने भतीजे पर पहले तो लकड़ी के टुकड़े से जोरदार हमला किया था और उसके बेहोश हो जाने के बाद प्लास्टिक की रस्सी से उसका गला घोंट दिया था।

जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी की रात चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द सहायक उप निरीक्षक अमृत मिंज को हत्या की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वे ग्राम सुगापारा पहुंच गए। वहां घर के बरामदे में युवक सबल मांझी का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसकी मां रूगबुगी मांझी (65 वर्ष) ने बताया कि 20 जनवरी की सुबह वे ग्राम तिलडेगा गई थी। घर में बेटा-बहू और दोनों पोते थे। 22 जनवरी को दोपहर में उन्हें खबर मिली कि समारू मांझी ने उसके बेटे की हत्या कर दी है।

पीड़ित मां ने बताया कि खबर मिलते ही वो गांव पहुंची। गांववालों ने बताया कि चाचा ने लकड़ी के टुकड़े और गला घोंटकर भतीजे सबल को मार डाला है। घर में जगह-जगह खून बिखरा हुआ था और बेटे की लाश बरामदे में लहूलुहान पड़ी हुई थी। उसने बताया कि पति की मौत के बाद वो बेटे-बहू के साथ रहती है। वहीं देवर समारू से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया और उसकी तलाश में जुट गई थी। फरार आरोपी की तलाश में बुधवार को पुलिस ने समारू के घर में छापा मारा और घर में छिपे हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि जमीन विवाद में उसने भतीजे की हत्या कर दी है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी की फाड़ी, रस्सी और आरोपी ने जो कपड़ा पहन रखा था, उसे बरामद कर लिया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।