गोलीकांड से दहला सक्ति : दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या…
सक्ति।।

सक्ती जिला अंतर्गत सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में शुक्रवार सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान के घर में घुसकर उस पर अंधाधुंध तीन राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे। दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे को सफेद गमछे से ढक रखा था।एक आरोपी मोटरसाइकिल पर बाहर ही निगरानी रख रहा था, जबकि दूसरा हथियारबंद बदमाश सीधे घर के भीतर दाखिल हुआ।बदमाश ने घर में मौजूद परिजनों से पूर्णिमा के बारे में पूछताछ की।
अंधाधुंध फायरिंग
जैसे ही पूर्णिमा अपने कमरे से बाहर आई, आरोपी ने उस पर निशाना साधते हुए तीन राउंड गोलियां चला दीं। गोलियां पूर्णिमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे वह लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर तेजी से अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
फायरिंग की आवाज सुनकर जब बदहवास परिजन कमरों से बाहर आए, तो पूर्णिमा को खून से लथपथ पाया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची ‘डायल 112’ की टीम ने घायल युवती को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस तफ्तीश और संभावित कोण
वारदात की गंभीरता को देखते हुए सक्ती जिले के एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया।
मृतका पूर्णिमा चौहान पिछले 4 साल से पंजाब की एक निजी कंपनी (स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड) में सेल्स का काम करती थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन रिश्ता टूटने के कारण वह पिछले 2 साल से अपने मायके (जोंगरा) में रह रही थी। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले के संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है। इसके अलावा, हमलावरों की पहचान के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के मुताबिक, हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस प्रेम-प्रसंग, पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित कोणों (angles) से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




