Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ कोरबा कोरबा// कोयला में वर्चस्व कायम रखने दो गुटों में लड़ाई : ट्रांसपोर्टर...

कोरबा// कोयला में वर्चस्व कायम रखने दो गुटों में लड़ाई : ट्रांसपोर्टर की हत्या : देखे वीडियो

563

कोयला में वर्चस्व कायम रखने दो गुटों में लड़ाई : ट्रांसपोर्टर की हत्या…



कोरबा-पाली।।

कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत संचालित एसईसीएल की कोरबा परियोजना क्षेत्र के सरायपाली बुड़बुड़ खदान में लंबे समय से चली आ रही कोयला के वर्चस्व की लड़ाई में आखिरकार एक ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की जान चली गई। धीरे-धीरे सुलग रही रंजिश की यह चिंगारी एकाएक इतना भयानक रूप लेकर भड़क जाएगी कि किसी को अपनी जान गंवानी पड़ेगी, इसका अंदाजा तो नहीं था। लेकिन यह बात सत्ता से लेकर संगठन के बीच पहुंचकर जरूर चर्चा में थी कि समय रहते अगर दोनों गुटों के विवाद को नहीं रोका गया तो भविष्य में बड़ा खतरा हो सकता है।


घटना को लेकर एसईसीएल के चंद अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस की समय रहते निभाई जाने वाली मध्यस्थता की भूमिका की नाकामी को भी नकारा नहीं जा सकता।

तमाम आशंकाओं-कुशंका के बीच आखिरकार यह बढ़ता तनाव शुक्रवार की रात 10 बजे बड़े गैंगवार के रूप में सामने आया। पाली क्षेत्र में कोयला की लड़ाई में यह गैंगवार अमन पसंद लोगों के बीच आक्रोश और शोक मिश्रित सन्नाटे के साथ चिन्ता की वजह बन गया है।

बताया गया कि एमटीसी कंपनी ग्रुप के रोहित जायसवाल व अन्य लोगों के साथ दूसरे ग्रुप के लोगों का पहले लोडिंग को लेकर सरायपाली परियोजना के गेट पर विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ा कि आपस में जमकर मारपीट हो गई। इस गैंगवार के दौरान हथियार के रूप में कत्ता, तलवार और बंदूक का इस्तेमाल करने की भी बातें सामने आई है।


घटना की जानकारी के बाद जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज शर्मा पाली पहुंचे। उनके साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी, पाली नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय जायसवाल भी थाना में मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना से नाराज लोगों ने आज शनिवार को नगर बंद रखने का आव्हान किया है।

एसपी ने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने पाली के प्रमुख गणमान्यजनों व नगरजनों से इस बात की अपील की है कि पुलिस इस घटनाक्रम के आरोपियों की धर पकड़ में लगी हुई है।

घटना दुःखद है किंतु लोगों से अपील है कि वे शांति बनाए रखते हुए पुलिस की जांच में सहयोग प्रदान करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें।


रोहित जायसवाल के सीने पर चाकूनुमा हथियार के साथ-साथ बंदूक से गोली मारने की भी बात सामने आई है। अपुष्ट तौर पर सम्भवतः गोली पेट में लगी है।

बताया जा रहा है कि इस गैंगवार में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से दो को अस्पताल पहुंचाया जा सका और इसमें से रोहित जायसवाल की मौत हो गई जबकि घटनास्थल से तीन लोग कथित तौर पर लापता बताए जा रहे हैं। कथित तौर पर लापता बताए जा रहे ये लोग एमटीसी कंपनी ग्रुप के बताए जा रहे हैं।

घटना को लेकर पाली नगर सन्न है, लोगों में नाराजगी भी है, शोक भी और इस बात की चिंता भी है कि शुरू हुआ यह खूनी गैंगवार भविष्य में क्या रूप ले सकता है? पाली में बनते- बिगड़ते और तनावपूर्ण हालातों के बीच पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी थाना में डटे हुए हैं। उन्होंने अपनी टीम को एक्टिव कर दिया है,सायबर टीम सक्रिय हो गई है और घटना से जुड़े लोगों व संदेहियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। कुछ प्रमुख लोगों के घर के सामने पुलिस तैनात है।