रायगढ़।।
जूटमिल थाना क्षेत्र के बाजीराव पारा, वार्ड नंबर 30 में एक अधेड़ व्यक्ति की घर घुसकर गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रमेश तिवारी उर्फ बब्बू (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी की मृत्यु और बेटियों की शादी के बाद घर में अकेले रहते थे। गुरुवार सुबह जब पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका में एक महिला ने परिचित को बुलाकर बाउंड्री के भीतर झांकने के लिए कहा।
अंदर का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए क्योंकि रमेश तिवारी का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा था। रमेश तिवारी की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जूटमिल पुलिस को दी। पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी और स्निफर डॉग ‘रूबी’ की मदद ली जा रही है।
घटनास्थल से सुराग ढूंढते हुए रूबी कयाघाट स्थित एक घर तक पहुंची है, जिससे मामले में बड़ा सुराग मिलने की उम्मीद है। अपुष्ट जानकारी के मुताबिक, मृतक ब्याज पर पैसे देने का काम करता था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या का संबंध पैसों के लेनदेन या पुरानी रंजिश से हो सकता है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। रमेश तिवारी के पड़ोसियों ने बताया कि वह अक्सर अपने घर पर पार्टी करते थे, जिससे यह भी संदेह है कि हत्या किसी व्यक्तिगत या आर्थिक विवाद के चलते हुई हो सकती है। हालांकि, हत्याकांड के पीछे के असल कारण का खुलासा पुलिस की गहन जांच के बाद ही हो पाएगा।
फिलहाल जूटमिल पुलिस, सीएसपी, एडिशनल एसपी और साइबर पुलिस की टीम मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है। डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस जघन्य हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है, और लोग खौफजदा हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।




