देसी कट्टा लेकर स्कूल पहुंचे छात्र

52
  • डरकर भागे अन्य स्टूडेंट्स
  • वजहों की छानबीन में जुटी पुलिस

मधुबनी//
बिहार के मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड के न्यू अपग्रेड हाई स्कूल सिधप परसाही में पढ़नेवाले 10 वीं के दो छात्रों को पुलिस ने हथियार के साथ बुधवार की शाम पकड़ लिया। पुलिस ने छात्रों को देसी कट्टा रखने तथा अपराधियों का सहयोग करने के संशय में हिरासत में ले लिया है। दोनों छात्र लदनियां प्रखंड के सिधपा गांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल में 10वीं की जांच परीक्षा चल रही थी। दूसरी पाली में छात्रों ने क्लास में देसी कट्टा देखा। हथियार देख स्कूली बच्चे डरकर भागने लगे। हल्ला होने के बाद ये दोनों छात्र इसे छिपाना चाहते थे। लेकिन कुछ स्कूली बच्चों ने इन्हें पकड़कर स्कूल प्रशासन को सूचना दी। छात्रों के अभिभावक को बुलाया गया। स्कूल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ लग गयी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों आरोपित छात्रों को हिरासत में लिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस यह पता करने में जुटी है कि आखिर लड़के किस उद्देश्य से हथियार साथ में लाये थे। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि टीम इस मामले की जांच की जा रही है।