कोरबा:
इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम मार्ग में स्कूटी सवार तीन युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। उन्हें पीछे करते समय ट्रक के चालक ने ठोकर मार दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई ,जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटनाकारित वाहन निगम का बताया जा रहा है। मामले में पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

घटना रविवार की दोपहर करीब 2 बजे की है। बताया जा रहा है कि सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत ढोढ़ीपारा में सुकृत लाल सहिस निवास करता है। उसका मंझला पुत्र संतोष सहिस रोजी मजदूरी कर पत्नी और दो बच्चों का पालन पोषण करता था। वह मोहल्ले में ही रहने वाले अपने दोस्त विशाल यादव व दुर्गा चरण के साथ स्कूटी में सवार होकर कहीं गया हुआ था। वे तीनों स्टेडियम मार्ग से सीएसईबी चौक होते हुए घर आ रहे थे। इसी दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 12 एस 5707 के चालक ने वाहन को पीछे करते समय स्कूटी को ठोकर मार दिया। ट्रक की ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार विशाल यादव और दुर्गाचरण छिटककर दूर जा गिरे, जबकि संतोष पहिया के नीचे आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसे मेडिकल कालेज अस्पताल के डाक्टरों ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाकारित ट्रक नगर पालिक निगम की है, जिसे लेकर उसका चालक कहीं जा रहा था। बहरहाल पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




