ऐप में पैसा लगाकर डबल करने का वादा : 10 करोड़ से अधिक रुपये डूबे निवेशकों के…

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में 30 गांवों के लोग ज्यादा रिटर्न की लालच में 10 करोड़ रुपए की ठगी का शिकार हो गए।
यह ठगी ANTOFAGASTA PLC ऐप के माध्यम से की गई है, जिसे इंस्टॉल कर लोगों ने हजार से लेकर लाखों रुपए तक निवेश कर दिए। बताया जा रहा है कि ऐप विदेशी कंपनी के नाम पर है।
बताया जा रहा है कि लाखों-करोड़ों रुपए फंसने के बाद ऐप से पैसे की निकासी बंद कर दी गई। दोबारा ऐप चालू करने के नाम पर 8400 रुपए और मांगे गए। इसके बाद 50 से ज्यादा लोगों ने चलगली थाने में शिकायत दर्ज कराई। बलरामपुर एसपी ने कहा कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
चेन्नई गए युवक से हुई शुरुआत
इस ऐप में निवेश की शुरुआत मजदूरी करने के लिए चेन्नई जाने वाले एक युवक ने की थी। शुरुआती 600 रुपए के निवेश पर रोज उसके अकाउंट में 1200 रुपए आने लगे तो उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी।
प्ले स्टोर में एप नहीं है
ANTOFAGASTA PLC ऐप गूगल प्ले स्टोर में नहीं है। लोगों ने यह ऐप APK लिंक से जॉइन किया। बड़ी संख्या में लोगों ने पैसे जमा कराए। गांव के लोगों ने 20 हजार रुपए से 7 लाख रुपए तक का निवेश किया है। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, शिक्षक और अधिकांश किसान शामिल हैं।
शुरू में पैसे कुछ दिनों तक खाते में आए। बाद में बताया गया लाभांश राशि ऐप में ही जमा होगी। ऐप की ओर से कुछ दिनों बाद तकनीकी खामी बताकर सभी तरह की निकासी बंद कर दी गई। कुछ लोगों ने 8400 रुपए जमा किए, तब भी निकासी नहीं हुई।
इसके बाद लोगों को ठगी का एहसास हुआ। ऐप या कंपनी का कोई एजेंट भी क्षेत्र में नहीं है। लोगों को सीधे ऐप के कस्टमर केयर से मैसेज आते थे।
PM आवास की राशि भी जमा कराई
गांव के लोगों ने ज्यादा रिटर्न की लालच में PM आवास के लिए मिली राशि भी निवेश कर दी। यहां तक की खड़ी फसल भी बेचकर बड़ी रकम ऐप में लगा दी। ऐप बंद होने से लोग परेशान हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने चलगली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। कुल ठगी 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की बताई गई है।
यूके में माइनिंग की कंपनी है ANTOFAGASTA PLC
जिस ANTOFAGASTA PLC नाम से ऐप बनाया गया था, उस नाम की कंपनी यूके (यूनाइटेड किंगडम) में कॉपर माइनिंग कंपनी के नाम से रजिस्टर्ड है। कंपनी की अधिकृत वेबसाइट में यूके की बड़ी माइनिंग कंपनी है, जो लंदन स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड है। आशंका है कि इस कंपनी के नाम से ऐप बनाकर लोगों से ठगी की गई है।
MCB और कोरबा में भी हो चुकी है ठगी
इसी तर्ज पर एमसीबी जिले के चिरमिरी क्षेत्र और कोरबा जिले में भी ठगी हो चुकी है। यहां भी लोगों के करोड़ों रुपए फंसे हुए हैं। दोनों ही मामलों में तरीका एक जैसा ही है और ऐप डाउनलोड कराकर करोड़ों की ठगी हुई है।
मामले में बलरामपुर एसपी बैंकर वैभव रमनलाल ने बताया कि शिकायत का आवेदन मिला है। मामले में जांच की जा रही है। मामले में पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करेगी।




