लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में दो बहनों की रेप के बाद हत्या का मामला प्रकाश में आया है वहीँ दोनों दलित बहनों का 24 घंटे बाद गुरुवार शाम 5 बजे अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले परिजन नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर अड़ गए थे, लेकिन प्रशासन के आश्वासन के बाद परिवार वाले मान गए।
इससे पहले परिवार की मौजूदगी में दोनों लड़कियों के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। यह करीब 3 घंटे चला। 3 डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि हुई है। पहले गला दबाकर दोनों बहनों की हत्या की गई, फिर फंदे पर शव लटकाया।
सीएम योगी ने पीड़ित के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने का ऐलान किया है। साथ ही एक पक्का आवास एवं कृषि भूमि का पट्टा दिए जाने के भी निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर एक माह के भीतर दोषियों को उनके कृत्य की सजा दिलाई जाएगी।
दोनों बहनों के शव बुधवार शाम करीब 5 बजे एक पेड़ से लटके मिले थे। एक 7वीं और दूसरी 10वीं की छात्रा थी। उधर मां ने आरोप लगाया कि कुछ लड़के बाइक से बेटियों को अगवा कर ले गए, फिर रेप के बाद मर्डर कर दिया। उधर, पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का आज का बयान- लड़कियों-आरोपियों में पहले से पहचान थी
वहीँ SP संजीव सुमन बोले, “परिवार से लिखित शिकायत ली गई है। परिवार ने छोटू के खिलाफ नामजद शिकायत की। ये पीड़ित के गांव के पड़ोस में रहने वाला है। 3 अज्ञात लोगों का नाम दिया। जांच के बाद 3 नाम सामने आए। ये तीन लोग जुनैद, सुहैल और हफीजुर्रहमान हैं।
इन लोगों के बीच दोस्ती थी। सुहैल, जुनैद और हफीजुर्रहमान को रात में गिरफ्तार किया गया था। जुनैद को पैर में गोली लगी है। छोटू ने 3 युवकों सुहैल, हफीजुर्रहमान और जुनैद से लड़कियों का परिचय कराया था।
एसपी ने बताया, ‘बुधवार दोपहर के वक्त तीनों बाइक से गांव आए थे। लड़कियों को बहलाकर ले गए। पहले खेत में ले गए। वहीं रेप किया। इस वक्त छोटू वहां मौजूद नहीं था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब लड़कियां शादी की बात पर अड़ गईं, तो उन्होंने गुस्से में लड़कियों की गला दबाकर हत्या कर दी। चुन्नी और दुपट्टे से हत्या की और शव पेड़ों पर लटका दिया। इन लोगों ने दो और लड़कों को फोन करके बुलाया। इनके नाम हैं करीमुद्दीन उर्फ DD, आरिफ। ये सभी लड़के लालपुर के रहने वाले हैं।’
मृतकों की मां ने कहा- पुलिस से शिकायत की तो पीटा गया
वहीँ मृतकों की मां ने बताया था, ”बुधवार शाम 4 बजे का वक्त था। मेरी दोनों बेटियां घर के बाहर बैठी थीं। मैं भी बाहर ही नल पर बर्तन धो रही थी। अचानक बाइक पर दो युवक आए और मेरी दोनों बेटियों को बाइक पर जबरन बैठा लिया। मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की। तभी बाइक सवार युवक ने मेरे पेट पर लात मार दी।
वह एक ही बाइक पर बेटियों को लेकर फरार हो गए। मैं चिल्लाई तो गांव के कई लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया, मगर वे पकड़ में नहीं आए। काफी देर तक तलाश की। बाद में दोनों बेटियों के शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक गन्ने के खेत में पेड़ से लटके मिले। रेप करने के बाद मेरी बेटियों की हत्या करके शव को फंदे पर लटका दिया।”
वहीँ पिता ने बुधवार को कहा था, “मैं जब घर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। मैंने आसपास के लोगों से पूछा तो मुझे घटना के बारे में पता चला। मैं भी उधर की तरफ भागा, जिधर सब गए थे। वहां मेरी बेटी के शव पेड़ पर लटके हुए थे। गांव के ही एक लड़के ने अपहरण करके मेरी बेटियों की हत्या की है।”
6 आरोपी अरेस्ट, पढ़िए सबका क्या रोल था…
छोटू: यह मृतक लड़कियों का पड़ोसी है। इसने ही कल दोपहर तीन लड़कों को बुलाया, जिनमें जुनैद, सुहैल ओर हफीजुर्रहमान शामिल है। इनकी दोस्ती दोनों लड़कियों से कराई।
जुनैद और सुहैल: यह दोनों बगल के गांव लालगंज के रहने वाले हैं। इन दोनों ने ही लड़कियों से रेप किया।
हफीजुर्रहमान: यह भी जुनैद के गांव का ही रहने वाला था। यह इन आरोपियों के साथ था। इसे भी कल रात ही छोटू और सुहैल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था।
करीमुद्दीन उर्फ डीडी और आरिफ: यह दोनों सुहैल और जुनैद के साथी हैं। रेप के बाद इन दोनों ने हफीजुर्रहमान के साथ मिलकर गला दबाकर मार दिया था। सबने मिलकर लड़कियों को दुपट्टे के सहारे पेड़ पर टांग दिया।