बिलासपुर। बिलासपुर जिले में कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना सकरी थाना इलाके की है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।बताया जा रहा है कांग्रेसी नेता संजू त्रिपाठी अपनी फॉर्च्यूनर कार क्रमांक सीजी 10 एजेड 2608 में कोटा की ओर जा रहे थे, तभी सकरी बाईपास के पास अज्ञात आरोपियों ने संजू त्रिपाठी पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। मौके पर ही कांग्रेसी नेता की लाश अभी कार में है वही वारदात की जानकारी लगते ही एसएसपी पारुल माथुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गई।
बिलासपुर जिले में संजू त्रिपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या के बाद हमलावर फरार हो गया है। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। हमलावरों ने संजू को मारने के लिए 9 राउंड फायरिंग की है, मौके से गोलियों के 9 खोखे मिले है। 3 गोलियां सीधे सीर पर लगी है जिससे संजू त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संजू त्रिपाठी की कार में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री लिखा हुआ है हालांकि कांग्रेस ने उसे पार्टी के पदाधिकारी नहीं बताया है। घटना आज यानी की बुधवार शाम की है। संजू त्रिपाठी अपने सकरी के आगे काठाकोनी स्थित फॉर्म हाउस गया हुआ था। वहां से वापस लौटते वक्त सकरी बाई पास में सकरी चौक में ओवर ब्रिज के निचे ब्रेकर में जैसे ही कार पहुंची तब दो अज्ञात कार सवारों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
संजू त्रिपाठी पर हत्या व हत्या के प्रयास समेत कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। उस पर सिविल लाइन थाना में संपति विवाद पर अपने छोटे भाई कपिल त्रिपाठी पर जानलेवा हमला करने के विवाद में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। जिसमे वह फरार था फिर उसे अग्रिम जमानत मिल गयी थी।
जानकारी के अनुसार हमलावर इनोवा व एक स्विफ्ट में थे। ब्रेकर के दोनो ओर हमलावर संजू का इंतजार कर रहे थे, उन्हें संजू के वापसी की जानकारी थी। जैसे ही ब्रेकर में कार की रफ्तार कम हुई वैसे ही सड़क के दोनांे ओर से हमलावरों ने गोली चलानी शुरू कर दी। इस घटना में 3 गोलियां संजू के सिर पर लगी है जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के बाद तत्काल पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे। फिलहाल अभी इस मामले में पुलिस की जांच कार्रवाई चल रही है।