खगड़िया : बिहार के खगड़िया में एक पिता ने पहले अपनी तीन बेटियों और पत्नी की गला रेत कर हत्या कर दी। दो बेटों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। फिर आरोपी ने खुद भी फांसी लगा ली।
घटना मानसी थाना क्षेत्र के एकनिया गांव की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी मुन्ना यादव (40) हत्या के एक मामले में काफी समय से फरार चल रहा था।
आरोपी के बेटे ने कहा कि मैं छत पर था। पापा ने नीचे पहले मम्मी को मार दिया। छत पर आए और यहां भी सबको मारने लगे। एक बहन को सिर में मारा, दूसरी की गर्दन उड़ा दी। मैं उनसे बचने की कोशिश कर रहा था, मुझे छोड़ दिया। हम दोनों भाई भाग गए। बड़ी बहन को घर में काट दिया।
मुन्ना का रात में अपनी पत्नी पूजा देवी (32) से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी और तीन बेटियों सुमन कुमारी (18), आंचल कुमारी (16), रोशनी कुमारी (15) की धारदार हथियार से हत्या कर दी। फिर आंगन में लगे पेड़ के सहारे फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली।
जिस रस्सी से फंदा बनाकर मुन्ना यादव ने आत्महत्या की, वह बिल्कुल नई थी। मुन्ना यादव ही इसे खरीदकर लाया था। इससे आशंका जताई जा रही कि मुन्ना यादव ने पहले ही ठान लिया था कि सभी की सुनियोजित तरीके से हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर लेनी है।
मुन्ना यादव अक्टूबर 2022 में हुए एक जमींदार के मर्डर केस में अभियुक्त है। उसका भाई भी इस मामले में आरोपी है। वो फिलहाल जेल में है। मुन्ना फरार था और आसपास के लोगों का कहना है कि वो बहुत कम ही घर आता-जाता था।
अक्टूबर 2022 में मुन्ना यादव ने एक पाटीदार की गोली मारकर हत्या की थी। उसके बाद से वो फरार था। घर आने पर उसकी पत्नी से लड़ाई होती थी। पत्नी उसे थाने में सरेंडर करने के लिए कहती थी।
पत्नी का कहना था कि बेटी की अब शादी करनी है। तुम्हारे ऊपर हत्या का मामला दर्ज है, कैसे सही होगा सब। इन्हीं बातों पर पति-पत्नी में लड़ाई होती थी। मंगलवार को भी पत्नी से इस बात पर लड़ाई हुई, जिसके बाद सबकी हत्या कर दी।
वहीं स्थानीय ग्रामीण ने कहा कि मुन्ना ने पहले अपनी पत्नी, तीन बेटी को मारा। फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों बेटे भाग गए तो वो बच गए। मुन्ना यादव किसान था। खेती बाड़ी करते थे। कुछ दिन पहले रहीमपुर गांव में उसने किसी पाटीदार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।