ज्ञानवापी मस्जिद मामले में आज आएगा फैसला, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

45

लखनऊ : ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी केस सुनवाई योग्य है या नहीं, इस पर आज वाराणसी जिला जज की अदालत अपना फैसला सुनाएगी. दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद आज कोर्ट का फैसला काफी अहम माना जा रहा है. फैसले से पहले पूरे इलाके को छावनी में तब्लीद कर दिया गया है.

ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी विवाद में पोषणीयता के मामले में वाराणसी के जिला जज ए.के. विश्वेश की अदालत में बीते 24 अगस्त को सुनवाई पूरी हुई थी. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जिला जज वाराणसी की अदालत में मामले की पोषणीयता पर सुनवाई हो रही थी. इस मामले में रूल 7/11 लागू होगा या रूल 6/11 लागू होगा इसी बात की है मुख्य बहस. सिविल के अभी तक के मामलों में पोषणीयता पर हुई सुनवाई में सबसे लंबी सुनवाई हुई है. 21 दिन की सुनवाई के बाद बीते 24 अगस्त को इस मामले में जिला जज वाराणसी ए.के. विश्वेश ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था.

ज्ञानवापी और मां श्रृंगार गौरी मामले में आज कोर्ट का फैसला आएगा. फैसले को लेकर हिंदू पक्ष में उत्साह का माहौल है. हिंदू पक्ष को अपने पक्ष में फैसला आने की उम्मीद है.आज के फैसले के साथ ही हिंदू पक्षकार ज्ञानवापी मस्जिद के कार्बन डेटिंग करवाने की मांग करेंगे. साथ ही ज्ञानवापी परिसर के पश्चिमी हिस्से की खुदाई की मांग करेंगे.

ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी विवाद मामले में मुस्लिम पक्ष के अधिवक्ता मेराजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि, जो भी फैसला आएगा हमें मंजूर होगा. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सर्वे से लेकर कमीशन और अन्य चीजों में शासन प्रशासन एवं अन्य लोगों ने हमारा पूरा सहयोग किया है. न्यायालय में अच्छी बहस हुई और न्याय संगत बहस हुई है. काशी वासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के बहकावे में ना आएं पहले चीजों को अच्छे से पता कर लें, उसके बाद ही किसी प्रकार का कमेंट करें.

ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी केस में करीब तीन महीने से ज्यादा चली सुनवाई के बाद आज कोर्ट का फैसला आएगा. जिला अदालत वाराणसी के कंप्यूटर में ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी विवाद 15वें नंबर पर फीड किया गया है. ऐसे में इस केस पर फैसले का नंबर दोपहर 12:00 से शाम 4:00 के बीच में आ सकता है..