Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ राज्यपाल ने नववर्ष 2023 की दी शुभकामनाएं

राज्यपाल ने नववर्ष 2023 की दी शुभकामनाएं

60

रायपुर, 31 दिसम्बर 2022 : राज्यपाल अनुसुईया उइके ने देश एवं प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने सभी के मंगलमय और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा है कि नया वर्ष 2023 सभी के लिए सुख-शांति और समृद्धिदायक हो।

राज्यपाल ने कहा कि नए साल के शुभारंभ में हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम दूसरों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। दूसरों के चेहरे पर मुस्कुराहट लाने का प्रयास करेंगे तो हम स्वयं में भी खुशी महसूस करेंगे। इसके अलावा वैश्विक जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के लिए पर्यावरण की भी चिंता करना आवश्यक है।

इसके लिए छोटे-छोटे कदम उठाने की जरूरत है, जो कि हम आसानी से कर सकते हैं। राज्यपाल ने कहा कि नये साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की अध्यक्षता में जी-20 का सम्मेलन भारत मे आयोजित किया जाएगा, जिससे भारत की दुनिया में साख और बढे़गी। यह सम्मेलन ‘वसुधैव कुटुम्बकम के आदर्श पर आधारित है।

09 और 10 सितंबर 2023 को नई दिल्ली में अगला जी-20 शिखर सम्मेलन आयोजित होगा तथा भारत के विभिन्न राज्यों के कुल 56 स्थानों पर अनेक बैठकें होंगी, जिनमें छत्तीसगढ़ राज्य भी शामिल है।

उन्होंने कहा है कि हमें विगत वर्षों के राष्ट्रव्यापी कोरोना संकट से सीख लेकर नये वर्ष 2023 के लिए तैयार रहना चाहिए। कोरोना का संकट अभी टला नहीं है, इसलिए उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि शासन-प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किये जाने वाले दिशा-निर्देशों का पालन कर आवश्यक सहयोग करेंगे।