मुंगेली//
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत ने सुराजी गांव योजना एवं गोधन न्याय योजना के जिले में बेहतर क्रियान्वयन हेतु जिला पंचायत के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना के तहत निर्माणाधीन गौठान कार्य को शीघ्र पूर्ण कर गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने ग्राम खेढ़ा व कुआंगांव के गौठान में गौ-मूत्र खरीदी की मात्रा बढ़ाने पशुपालकों को गौ-मूत्र विक्रय के लिये प्रोत्साहित करने हेतु पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गौठानों में मुर्गी शेड निर्माण कार्य पूर्ण हो गये हैं, वहां शीघ्र ही मुर्गीपालन कार्य शुरू किया जाए। इस हेतु विभागीय अधिकारी समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
जिला पंचायत सीईओ ने जिले के गौठानों के बाड़ी में स्व सहायता समूहों द्वारा सब्जी उत्पादन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बाड़ी में लगाए गए सब्जी के उत्पादन में बढ़ोत्तरी हेतु गौठानों में उत्पादित वर्मी खाद एवं गौ-मूत्र से बने कीटनाशकों का उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में स्वीकृत समस्त गौठानों में कार्ययोजना बनाकर बाड़ी संचालित करने, ज्यादा से ज्यादा गौठानों में मशरूम उत्पादन एवं बाजार में विक्रय हेतु रणनीति तैयार करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए। इसी प्रकार उन्होंने पैरादान हेतु कृषकों को प्रोत्साहित कर गौठानों में अधिक से अधिक मात्रा में पैरा संग्रहण कराने के निर्देश दिये। इस अवसर कृषि विभाग एवं पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक, उद्यान विभाग के सहायक संचालक, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मनरेगा के सहायक परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




