Tuesday, September 15, 2026
1

बच्चे को जन्म देने के 6 दिन बाद लापता हुई नव विवाहित महिला फंदे से लटकी मिली : हत्या या हादसा..?

कोरबा।।

जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराई गई नव विवाहित युवती बच्चे को जन्म देने के करीब 6 दिन बाद एकाएक लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे कि वह अस्पताल से करीब 100 मीटर की दूरी पर फंदे से लटकी मिली।

जानकारी के मुताबिक कटघोरा थाना क्षेत्र की एक नव विवाहित युवती को प्रसव के लिए कटघोरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि उसने करीब 6 दिन पूर्व एक शिशु को जन्म दिया। 14 सितम्बर की शाम एकाएक युवती अस्पताल से लापता हो गई। परिजन और अस्पताल का स्टाफ उसकी तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे कि इस बीच आज दोपहर जानकारी मिली कि अस्पताल के पिछले हिस्से से करीब 100 – 150 मीटर की दूरी पर स्थित एक व्यक्ति की निजी बाड़ी में झाड़ियों के झुरमुट में एक लड़की लटकी मिली है। दुपट्टा के सहारे नार युक्त झाड़ी में फांसी के फंदे पर लटकी मिली इस युवती की पहचान अस्पताल से लापता हुई नव प्रसूता के रूप में हुई है।

सूचना मिलने उपरांत कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला खुदकुशी का है या किसी घटना को अंजाम देकर खुदकुशी का रूप दिया गया। दोनों ही परिस्थितियों में घटना की वजह क्या है, यह पुलिस की जांच का विषय है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।

लापता होने के बाद जारी की गई थी यह सूचना

मृतका का नाम कांता केवट बताया गया है जिसके अस्पताल से कहीं चले जाने की सूचना तस्वीर सहित आम कर परिजनों ने तलाश में मदद मांगी थी। सूचना में कहा गया था कि दिनांक 14/09/2026, शाम 7 बजे से कांता केवेंट नामक महिला जीवांश हॉस्पिटल, जेंजरा से बिना किसी को बताए निकल गई है। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। महिला का हाल ही में ऑपरेशन से बच्चा हुआ है, जो वर्तमान में ICU में भर्ती है। परिवारजन महिला को लेकर काफी चिंतित हैं और उनकी तलाश कर रहे हैं। यदि किसी व्यक्ति को यह महिला कहीं दिखाई दे या इनके बारे में कोई जानकारी मिले, तो कृपया तुरंत नीचे दिए गए नंबर पर संपर्क करें। संपर्क नंबर: 797450630