……………… संयंत्र में ठेका श्रमिक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

50
  • घंटों बाद पहुंची पुलिस

भिलाई।
छत्‍तीसगढ़ के भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन क्रमांक 8 क्षेत्र में शुक्रवार को एक ठेका श्रमिक ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई परंतु दोपहर 1:30 के करीब भट्टी पुलिस पहुंची और जांच के बाद शव को फंदे से उतारा गया। मृतक ने अपने ही कपड़े से फंदा बनाया था।
भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन बैटरी क्रमांक 8 के पास ही एक खंडहर नुमा भवन है, जिसका उपयोग कर्मचारी कपड़ा बदलने के लिए करते हैं। जानकारी के मुताबिक ठेका एजेंसी विनय इंडिया कंपनी का कर्मचारी मोहनलाल 37 वर्ष निवासी जोरातराई आज सामान्य पाली में सुबह 8 बजे के करीब ड्यूटी पर पहुंचा। वह सीधे कार्यस्थल जाने की बजाए इस खंडहर भवन में पहुंच गया।
खबरों के अनुसार करीब 9 बजे इस खंडहर में उक्त ठेका श्रमिक का शव फंदे पर लटकता मिला। युवक ने खंडहर में लगे एक हुक में ही अपने कपड़े से फांसी लगा ली थी। इसकी जानकारी लगने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना आला अधिकारियों को तथा ठेका एजेंसी के अधिकारियों को भी दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भट्टी थाने में भी फोन कर इसकी सूचना दी।
बताया जाता है कि सूचना के बावजूद भट्टी थाने से 1 बजे तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई थी। इसे लेकर कर्मचारियों में आक्रोश की स्थिति बन गई थी। कर्मचारियों का कहना था कि सूचना के बावजूद अब तक पुलिस नहीं पहुंची है जबकि शव सुबह से ही फंदे पर लटकी हुई है।
कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर सीआइएसएफ के जवानों ने घेराबंदी कर दी और किसी को भी घटनास्थल पर जाने नहीं दिया जा रहा था। दोपहर 1:30 बजे के करीब भट्टी थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इसके बाद वहां आवश्यक जांच कार्रवाई करते हुए शव को उतारा। आत्महत्या के कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है वहीं मृत ठेका श्रमिक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। भट्टी पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद ही कुछ ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।