डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल,जेंजरा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन…

43

डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल,जेंजरा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन…


कोरबा-कटघोरा।।


डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जेंजरा में “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” थीम पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ओम् के पवित्र उच्चारण एवं सूर्य नमस्कार के सामूहिक अभ्यास से हुआ। इसके पश्चात विभिन्न योगासनों एवं मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर बताया गया कि सूर्य नमस्कार शरीर में ऊर्जा का संचार करता है और संपूर्ण शरीर को स्वस्थ रखता है। ताड़ासन शरीर के संतुलन को बेहतर बनाता है, वृक्षासन एकाग्रता एवं आत्मविश्वास बढ़ाता है, भुजंगासन रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है तथा वज्रासन पाचन शक्ति को सुदृढ़ बनाता है। वहीं शवासन शरीर और मन को पूर्ण विश्राम प्रदान करता है।

कार्यक्रम में मेडिटेशन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि नियमित ध्यान (मेडिटेशन) करने से मानसिक तनाव कम होता है, मन शांत रहता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा सकारात्मक सोच का विकास होता है। योग और मेडिटेशन का नियमित अभ्यास बढ़ती आयु में होने वाली शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं को कम करने में सहायक होता है तथा व्यक्ति को स्वस्थ, प्रसन्न और ऊर्जावान बनाए रखता है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्रतिदिन कम से कम दस मिनट योग एवं मेडिटेशन के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को फास्ट फूड से दूर रहने, पौष्टिक आहार अपनाने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योग एवं मेडिटेशन करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला सिद्ध हुआ।