कोरबा// घर के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत…दोस्तो के साथ गया था बर्थडे मनाने…पढ़े पूरी खबर

229

कोरबा।।

जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए दो दोस्तों के साथ बाइक में बिलासपुर जा रहा था। वहीं हाइवे पर मुनगाडीह पुलिया के पास तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके दोनों साथी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, एक्सीडेंट बीते शुक्रवार की रात करीब 8 बजे कटघोरा बिलासपुर हाईवे पर मुनगाडीह पुलिया के पास हुआ। बांकीमोंगरा निवासी मयंक चौधरी का शुक्रवार 9 फरवरी को जन्मदिन था। इस मौके पर देर शाम वह अपने दो दोस्त पीयूष व सत्यप्रकाश के साथ पार्टी मनाने के लिए बाइक में सवार होकर बिलासपुर जा रहा था।

हाइवे पर तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

उस दौरान मुनगाडीह पुलिया के पास हाइवे से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें चपेट में ले लिया, जिससे बाइक चला रहे मयंक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों दोस्त घायल हो गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई है। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 व 112 टीम ने पाली अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया।

परिवार का इकलौता बेटा था मंयक

बताया जा रहा है कि गजरा बस्ती निवासी मृतक 17 वर्षीय मयंक चौधरी कक्षा दसवीं का छात्र था। पिता सुनील चौधरी ऑटो चलाते हैं। मयंक चौधरी परिवार का इकलौता बेटा था। वहीं परिवार में एक बेटी भी है। ऑटो चलाकर सुनील चौधरी अपने परिवार का भरण पोषण करते आ रहा था।

जन्मदिन मनाने बिलासपुर जा रहा था

शुक्रवार को मयंक का जन्मदिन होने के कारण उसके परिवार में सभी लोग खुश थे। माता पिता और छोटी बहन ने उसे जन्मदिन का बधाई देकर आशीर्वाद दिया था। मयंक अपने रिश्तेदार के यहां बिलासपुर में जन्मदिन मनाने की बात कह कर अपने दोस्तों के साथ निकला था। लेकिन देर रात घटी इस हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है, वही बस्ती में मातम छाया हुआ है।