खेतो के बाद…सब्जी की बाड़ियों को भी नुकसान…हाथियों के उत्पात को रोकने…व क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर…कलेक्टोरेट पहुँची महिलाऐ

61

पसान:-हाथियों के उत्पात से परेशान कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज के लगभग 19 गांवों के दर्जनभर से अधिक महिलाएं मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंची थीं। हाथियों के उत्पात को रोकने ठोस पहल करने और समय पर हो रहे नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। महिलाओं ने बताया कि उनकी धान की फसल तो बर्बाद हो गई है और अब बाड़ी में लगी सब्जियों को रौंदकर हाथी चौपट कर रहे हैं।

पसान रेंज के जल्के,तेंदूटिकरा, लैंगी,पनगवां,केन्दई,कुम्हारी दर्री समेत आसपास के 19 गांव हाथी प्रभावित क्षेत्र में आते हैं। इन गांवों की महिलाएं हाथियों के उत्पात से हो रहे परेशानी से निजात दिलाने को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे थे। महिलाओं ने बताया कि हाथी झुंड में कभी भी गांव में आ धमकते हैं। बीते हफ्तेभर से वे शासकीय भवन या आवास में पनाह लेकर जान बचा रहे हैं। लेकिन इस दौरान बाड़ी में लगी सब्जियों और घर में रखे खाने-पीने के सामान के नुकसान की चिंता बनी रहती है। समय पर हाथियों के उत्पात से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति राशि भी नहीं मिलती है। इससे उनके समक्ष जीविकोपार्जन की समस्या भी है। हाथी प्रभावित गांव होने के बावजूद स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था नहीं है। डर के साए में लोग जीवन-यापन कर रहे हैं। हाथियों से सुरक्षा के लिए पक्का मकान बनवाने में शासन-प्रशासन सहयोग करे।