कोरबा// एकतरफा प्रेम में सनकी युवक ने की फायरिंग : घंटों में पुलिस ने दबोचा : पिस्टल सहित कारतूस व बाइक जब्त….

265

एकतरफा प्रेम में सनकी युवक ने की फायरिंग : घंटों में पुलिस ने दबोचा : पिस्टल सहित कारतूस व बाइक जब्त….



कोरबा।।

थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम के चलते सनक में आकर फायरिंग करने वाले कथित आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा मोटर सायकल जब्त कर ली गई है। त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत का माहौल समाप्त हुआ और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 फरवरी को प्रार्थी ने थाना बालको पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एक युवक पिछले लगभग छह माह से उसकी पुत्री का एकतरफा प्रेम का दावा करते हुए पीछा कर रहा था और लगातार छेड़खानी कर परेशान कर रहा था।

बताया गया कि 18 फरवरी की रात्रि लगभग 11:00 बजे उक्त युवक मोटर सायकल से प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और अपशब्द कहने लगा। शोर सुनकर जब प्रार्थी दरवाजा खोलकर बाहर निकला, तब कथित आरोपी ने हत्या की नीयत से अपने पास रखे पिस्टल से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर प्रार्थी तत्काल नीचे झुक गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी ने पुनः पिस्टल से फायर करने का प्रयास किया, किंतु दूसरी बार गोली नहीं चली।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 94/2028 के तहत धारा 296, 75(1), 78(1), 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी कर उसके घर की घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल एवं एक पिस्टल, जिसमें राउंड भरा हुआ था, जब्त कर लिया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।